Chandigarh Scooter Blast
Chandigarh Scooter Blast: चंडीगढ़ में भाजपा मुख्यालय के बाहर स्कूटी में जोरदार धमाका, सेक्टर-37 में दहशत, पूरे शहर में नाकाबंदी
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर शुक्रवार शाम एक जोरदार धमाका होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जब आसपास मौजूद लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे।
धमाके की आवाज सुनते ही लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे और कुछ ही मिनटों में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेर लिया गया।
मुरादाबाद में ATS की बड़ी कार्रवाई, BDS छात्र हारिश अली गिरफ्तार, IS के लिए भर्ती कराने का आरोप
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट स्कूटी में रखे किसी संदिग्ध पदार्थ के कारण हुआ हो सकता है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्कूटी वहां कब और किसने खड़ी की थी।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे चंडीगढ़ शहर में नाकाबंदी कर दी गई है और सभी आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन धमाके ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
