Gurugram Hotel Fraud
Gurugram Hotel Fraud: गुरुग्राम में ठगी का अनोखा तरीका! 133 दिन होटल में रहकर फर्जी ट्रांजेक्शन से 6 लाख की चपत
हरियाणा के गुरुग्राम से ठगी का एक बेहद अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ 133 दिन तक होटल में ऐश करने के बाद फर्जी डिजिटल ट्रांजेक्शन दिखाकर लाखों रुपये की ठगी कर डाली।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म YouTube से ठगी करने के तरीके सीखे। इसके बाद उसने एक फर्जी मोबाइल ऐप डाउनलोड कर होटल स्टाफ को भुगतान के नाम पर नकली ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट दिखाने शुरू कर दिए।
बताया जा रहा है कि युवक होटल में लगातार ठहरता रहा और अलग-अलग किस्तों में कुल सात बार फर्जी भुगतान दिखाया। इन ट्रांजेक्शनों के जरिए उसने होटल को करीब 6.17 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया। होटल प्रबंधन को शुरू में शक नहीं हुआ क्योंकि आरोपी हर बार सफल भुगतान का डिजिटल प्रमाण दिखाता था।
Elvish Yadav Controversy: शोबिज में बदले एल्विश यादव! बोल्ड डेटिंग शो ‘एंगेज्ड 2’ होस्ट करने पर मचा बवाल, फैंस हैरान
हालांकि जब होटल के बैंक खाते में रकम नहीं पहुंची तो कर्मचारियों को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि सभी ट्रांजेक्शन फर्जी थे और केवल ऐप के जरिए दिखाए गए नकली रिकॉर्ड थे। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह डिजिटल ठगी का नया तरीका है, जिसमें नकली भुगतान ऐप और तकनीकी चालाकी का इस्तेमाल कर लोगों को आसानी से धोखा दिया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों और व्यापारिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी डिजिटल भुगतान की पुष्टि सीधे बैंक खाते में रकम पहुंचने के बाद ही करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
