Hindu Nav Varsh
Hindu Nav Varsh: स्वदेशी जागरण मंच 19 मार्च को मनाएगा भव्य उत्सव, भगवा रंग में रंगेगा शहर
हरियाणा के भिवानी शहर में आगामी 19 मार्च को हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) के आगमन पर भव्य कार्यक्रमों की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित इस उत्सव के तहत पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आएगा। विभाग संयोजक अमित बंसल मुंडालिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मंच द्वारा भिवानी सहित दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों में व्यापक स्तर पर सांस्कृतिक चेतना जगाने का अभियान शुरू किया गया है।
इस विशेष अवसर पर सुबह हनुमान ढाणी से एक भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और अपनी जड़ों से जोड़ना है। स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों को भगवा ध्वजों से सजाने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, जन-जन तक हिंदू नववर्ष का संदेश पहुंचाने के लिए हजारों की संख्या में शुभकामना पत्रक और ध्वज वितरित किए जा रहे हैं।
India Russia Oil Deal: भारत को बड़ी राहत: रूस से तेल खरीदने पर 30 दिन की स्पेशल छूट, टला संभावित तेल संकट
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का यह दिन अत्यंत शुभ माना जाता है क्योंकि इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी और सम्राट विक्रमादित्य ने विक्रम संवत की शुरुआत की थी। स्वदेशी जागरण मंच ने आम जनता से आह्वान किया है कि वे अंग्रेजी कैलेंडर के बजाय वैज्ञानिक और प्रकृति आधारित भारतीय नववर्ष को सात्विक तरीके से मनाएं।
लोगों से अपील की गई है कि वे 19 मार्च को अपने घरों और प्रतिष्ठानों को सजाएं, मिठाइयां बांटें और दीप प्रज्वलित कर अपनी समृद्ध विरासत का सम्मान करें। भिवानी के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी छोटी-छोटी टोलियां बनाकर लोगों को नववर्ष की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता के बारे में जागरूक किया जा रहा है ताकि इस उत्सव को एक बड़े सामाजिक पर्व का रूप दिया जा सके।
