Faridabad Murder Case
Faridabad Murder Case
हरियाणा के फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां गर्लफ्रेंड के घर पहुंचे 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मानस राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मानस अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके घर गया था, तभी वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने मानस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर उसका दोस्त हर्ष मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में हर्ष भी बुरी तरह घायल हो गया। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मानस को मृत घोषित कर दिया, जबकि हर्ष का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया हो सकता है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, ताकि वारदात के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।