Sirsa Murder Mystery

Sirsa Murder Mystery

Sirsa Murder Mystery: सिरसा में शराब पार्टी के बाद दोस्त ने इंटरलॉकिंग टाइल से कुचलकर की युवक की हत्या

हरियाणा के सिरसा जिले के रोड़ी गांव में शराब पार्टी के बाद हुई एक सनसनीखेज हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की इंटरलॉकिंग टाइल से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान देवेंद्र निवासी मम्मापुर, फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पिछले 7-8 वर्षों से सिरसा में एक इंटरलॉकिंग टाइल्स फैक्ट्री में काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र अपने दोस्त रवि सिंह के साथ फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में रहता था। बुधवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

ऑपरेशन सिंदूर का खुलासा, दिल्ली को निशाना बनाने वाली मिसाइल को IAF ने हरियाणा में किया ध्वस्त

पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रवि सिंह ने पास में पड़ी इंटरलॉकिंग टाइल उठाकर देवेंद्र के सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। हमला बेहद खतरनाक था, जिससे देवेंद्र का चेहरा बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ जब फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी काम पर पहुंचे। कमरे के अंदर चारपाई पर देवेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रोड़ी थाना प्रभारी अनिल कुमार पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचे।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून से सनी इंटरलॉकिंग टाइल, शराब की खाली बोतलें और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला शराब के नशे में हुए विवाद का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों को उत्तर प्रदेश में सूचना दे दी गई है और उनके सिरसा पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं फरार आरोपी रवि सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।