Rohtak Liquor Smuggling

Rohtak Liquor Smuggling

Rohtak Liquor Smuggling: रोहतक में शराब तस्करी का भंडाफोड़, महम के 2 ठेकेदार समेत 4 गिरफ्तार, 348 बोतल शराब बरामद

रोहतक में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महम क्षेत्र के दो शराब ठेकेदारों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गाड़ियों में रखी 348 बोतल अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद शहर में शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिड़वाली गांव निवासी अमन, राजीव कॉलोनी निवासी अंशुल, हनुमान कॉलोनी निवासी राजेश और सोनीपत जिले के गांव भंडेरी निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अमन और अंशुल महम क्षेत्र के शराब ठेकों से जुड़े हुए हैं और ठेकों की आड़ में शहर में अवैध तरीके से शराब सप्लाई करने का काम कर रहे थे।

ऑपरेशन सिंदूर का खुलासा, दिल्ली को निशाना बनाने वाली मिसाइल को IAF ने हरियाणा में किया ध्वस्त

पुलिस को 24 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि दो गाड़ियों में बड़ी मात्रा में शराब भरकर रोहतक शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जानी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पावर हाउस चौक के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध दोनों गाड़ियों को रुकने का इशारा किया गया।

तलाशी लेने पर पुलिस को दोनों वाहनों से कुल 348 बोतल शराब बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि शराब को अवैध तरीके से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाया जाना था। पुलिस ने मौके पर ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गाड़ियों को कब्जे में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क कितना बड़ा है और किन-किन इलाकों में शराब की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।

रोहतक पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी को भी कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।