Gurugram Wife Murder Case

Gurugram Wife Murder Case

Gurugram Wife Murder Case: गुरुग्राम में पत्नी की हत्या कर प्रेमिका संग फरार हुआ पति, बाथरूम में मिला सड़ा-गला शव

गुरुग्राम के मानेसर इलाके में शादी के महज तीन महीने बाद एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करने के बाद फरार हो गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला घर से भागी नहीं थी, बल्कि उसका पति ही उसे स्कूटी पर बैठाकर प्रेमिका के कमरे तक लेकर गया था। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की बजाय आरोपी ने उसे बाथरूम में बंद कर दिया और प्रेमिका संग फरार हो गया।

मृतका की पहचान मधु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रविवार को जब मानेसर स्थित कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तब अंदर बाथरूम से मधु का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या कई दिन पहले की गई थी। कमरे से बदबू आने के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी।

ऑपरेशन सिंदूर का खुलासा, दिल्ली को निशाना बनाने वाली मिसाइल को IAF ने हरियाणा में किया ध्वस्त

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मधु अपने पति अंकित के साथ ही आखिरी बार देखी गई थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों में सामने आया कि अंकित अपनी पत्नी को स्कूटी पर बैठाकर उस कमरे तक ले गया था, जहां उसकी प्रेमिका रहती थी। इसके बाद मधु वापस घर नहीं लौटी।

मृतका के पिता अशोक ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि 21 मई को अंकित और उसके परिवार के लोग उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मधु घर से ज्वैलरी लेकर भाग गई है। परिवार ने उनकी बात पर भरोसा किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। लेकिन अगले ही दिन 22 मई को अंकित अचानक गायब हो गया। इससे परिवार को शक हुआ।

अब शव मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि अंकित का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था और इसी वजह से उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस को शक है कि हत्या में आरोपी की प्रेमिका भी शामिल हो सकती है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति और उसकी प्रेमिका की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द दोनों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।