Gurugram Mass Murder
Gurugram Mass Murder: 5 लाख के कर्ज में डूबे सैलून संचालक ने पत्नी और 4 बच्चों को उतारा मौत के घाट, धर्म बदलकर की थी शादी
हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम के वजीरपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और चार मासूम बच्चों की नृशंस हत्या कर दी। इस सामूहिक हत्याकांड की सबसे दुखद कड़ी यह है कि मृतक महिला नजमा ने आरोपी निजाम के प्यार के लिए अपना धर्म और समाज तक त्याग दिया था। ओडिशा की मूल निवासी नजमा ने हिंदू धर्म छोड़कर निजाम से निकाह किया था, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस शख्स के लिए उसने अपनी पूरी दुनिया बदली, वही उसकी और उसके बच्चों की जान ले लेगा।
आरोपी निजाम गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में एक सैलून चलाता था और पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह करीब 5 लाख रुपये के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था। महंगे शहर में पांच लोगों के परिवार का भरण-पोषण करना उसके लिए चुनौती बन गया था, जिसके कारण घर में अक्सर झगड़े होते थे। शनिवार की रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
ऑपरेशन सिंदूर का खुलासा, दिल्ली को निशाना बनाने वाली मिसाइल को IAF ने हरियाणा में किया ध्वस्त
निजाम ने पहले अपनी पत्नी नजमा का गला घोंटकर उसकी हत्या की और फिर अपनी तीन बेटियों—इकरा, शिफा, खतीजा—और इकलौते बेटे आरम को जहरीला पदार्थ खिलाकर मौत की नींद सुला दिया। सबको खत्म करने के बाद आरोपी ने खुद भी चाकू से अपने हाथों की नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन वह बच गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी का भाई जिशान कमरे में पहुंचा। वहां का मंजर खौफनाक था; बच्चे और पत्नी मृत अवस्था में पड़े थे और निजाम लहूलुहान हालत में तड़प रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस इस मामले में केवल आर्थिक तंगी को ही एकमात्र कारण नहीं मान रही है। जांच अधिकारियों को शक है कि इस हत्याकांड के पीछे अवैध संबंधों या किसी तीसरे व्यक्ति का हाथ भी हो सकता है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं और बच्चों के विसरा को जांच के लिए लैब भेजा गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की निगरानी में उपचाराधीन है और ठीक होते ही उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना समाज में बढ़ते मानसिक तनाव और घरेलू हिंसा के घातक परिणामों का एक भयावह उदाहरण है।
